रांची
राजधानी रांची में जिलाधिकारी (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। हाल ही में मांडर अंचल अधिकारी और कांके अंचल के कई कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। यह कदम जनता दरबार में प्राप्त हुई जन शिकायतों के बाद उठाया गया।

डीसी ने औचक निरीक्षण के दौरान सभी अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा करें। उन्होंने बिचौलियों से दूर रहकर आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।
सूत्रों के अनुसार राज्य के कई प्रखंड विकास पदाधिकारी सरकार के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। वे न केवल पंचायती राज सचिव के निर्देशों को नज़रअंदाज़ कर रहे हैं, बल्कि अपने जिले के उपायुक्तों की बातों को भी गंभीरता से नहीं ले रहे। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
डीसी की इस कार्रवाई को प्रशासनिक स्तर पर एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि अब लापरवाही और ढिलाई नहीं चलेगी।
